रायपुररानी क्षेत्र के गांव गोलपुरा में आज विकास कार्यों को लेकर एक बड़ी सौग़ात मिली।

पंचकूला (मीडिया जंक्शन-/ चेतन शर्मा):-
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने ग्राम पंचायत गोलपुरा में सामुदायिक केंद्र, अंबेडकर भवन, गांव की गलियों के निर्माण, फिरनी निर्माण तथा कब्रिस्तान तक गली निर्माण सहित कई विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सांसद कार्तिकेय शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया।

अक्टूबर 2024 से अब तक ग्राम पंचायत गोलपुरा में करीब 1 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए गए हैं या विभिन्न चरणों में हैं। इनमें स्कूल परिसर में ओपन जिम, पंचायत भूमि पर आरसीसी पिलर, श्मशानघाट से जुड़े निर्माण कार्य, पेवर ब्लॉक, जल टंकी, गलियों का निर्माण, सामुदायिक केंद्र और अंबेडकर भवन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कालका क्षेत्र में जो काम अधूरे रह गए थे, उन्हें अब पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास किसी एक गांव या एक हल्के तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिला में होगा और कालका, पंचकुला व रायपुररानी में तीव्र गति से विकास कार्य होंगे। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो वादा हमने किया था, उसे पूरा करने का काम किया जाएगा।

सांसद ने बताया कि सड़कों पर भी लगातार काम चल रहा है और सड़कें बनाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और रोज़मर्रा की ज़िंदगी आसान होगी। ग्रामीणों से संवाद करते हुए सांसद ने कहा, आप पूरा मेरा परिवार हैं। आपके लिए मेरे घर के दरवाज़े चौबीस घंटे खुले हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि विधायक शक्ति रानी शर्मा का प्रयास रहता है की उनके हल्के में ज़्यादा से ज़्यादा विकास कार्य हों और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। इसी भावना के साथ क्षेत्र में योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।

विकास की बड़ी तस्वीर रखते हुए सांसद ने कहा कि विकसित भारत बनने के लिए पहले कालका विकसित बनेगा, फिर रायपुररानी बनेगा, पंचकुला बनेगा और तभी पूरा हरियाणा विकसित बनेगा।”

महिला स्वास्थ्य को लेकर सांसद ने बताया कि ‘नमो शक्ति रथ’ की शुरुआत उन्होंने स्वयं की है, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को इलाज के लिए केंद्र सरकार पांच लाख रुपये तक की सहायता दे रही है, और जांच की सुविधा ज़मीन स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है, क्योंकि स्वस्थ भारत के बिना विकसित भारत संभव नहीं है।

कार्यक्रम में पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, जिला महामंत्री जय कौशिक, भवनजीत सिंह सहित तमाम जिला व मंडल स्तर के जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति के पदाधिकारी, बीडीसी चेयरमैन, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सांसद ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों को मंच पर सम्मानित किया, और पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गांव के विकास में पंचायतें सबसे मजबूत कड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *