पंजाब में बढ़ती चुनौतियों पर आरआरएस की नजर, नशा और धर्मांतरण पर चिंता

चंडीगढ़।( मीडिया जंक्शन / विक्रांत शर्मा):- चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने संघ प्रतिनिधि सभा से जुड़े विषयों एवं पंजाब में चल रहे सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरआरएस राज्य में 145 से अधिक गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ मिलकर नशा विरोधी अभियान को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जिसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ आना होगा। इसी उद्देश्य से संघ द्वारा जागरूकता अभियान, काउंसलिंग सेशन और युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता की कमी और आर्थिक व सामाजिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर कुछ स्थानों पर धर्मांतरण की घटनाएं सामने आती हैं। इस विषय पर समाज को सजग रहने और आपसी एकता बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि जागरूकता और संवाद के माध्यम से ही इस तरह की चुनौतियों का समाधान संभव है।

जोशी ने आगे बताया कि संघ युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां चला रहा है। जिन युवाओं के पास रोजगार या दिशा की कमी है, उन्हें कौशल विकास, स्वयंसेवा और सामाजिक कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल उनकी ऊर्जा का सही उपयोग हो रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और लोगों को जोड़ना है, ताकि सामूहिक प्रयासों से पंजाब को नशा मुक्त और सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने भी इन पहलों की सराहना की और इसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *