मनीमाजरा ,विक्रांत शर्मा ब्यूरो मीडिया जंक्शन-/मनीमाजरा :- । माड़ी वाला टाउन में समाजसेवी कुलवंत जग्गा की ओर से युवाओं के साथ संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मनीमाजरा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार विशेष रूप से पहुंचे और युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों व सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
थाना प्रभारी ने चंडीगढ़ पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। बैठक में मनीमाजरा की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
समाजसेवी कुलवंत जग्गा ने कहा कि हमारा समाज के प्रति कर्तव्य बनता है कि युवाओं को सही रास्ता दिखाया जाए। युवा देश की रीढ़ हैं और उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोककर खेलों व अच्छे कार्यों की ओर बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजहित में जनसेवा के कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस मौके पर पवनदीप सिंह सनी, सुभाष सिंह, अमनदीप सिंह रिकी, गुरप्रीत सिंह, हरमिंदर सिंह बिंदा, मनजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, सौरव सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
