मीडिया जंक्शन- विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ/ पंचकूला -। दीपावली के पावन अवसर पर अग्रवाल सभा पंचकूला की कार्यकारिणी एवं अग्रवाल महिला समाज की ओर से अग्रवाल भवन में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के प्रधान जगमोहन गर्ग, सत्यप्रकाश अग्रवाल, महासचिव मुकेश बंसल और वित्त सचिव सतीश कुमार अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सदस्यों एवं महिला समाज की सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समाज और परिवारों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। प्रेस सचिव राकेश गोयल ने बताया कि इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन जी को जलेबी का भोग लगाया गया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रधान जगमोहन गर्ग, मुकेश बंसल, सतीश कुमार अग्रवाल, राकेश गोयल, विकास भुजिया, दिनेश बंसल और तेजपाल गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। प्रधान जगमोहन गर्ग ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकजुटता बनाए रखने और मिल-जुलकर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
अकेले रह रहे बुजुर्गों के घर पहुंचाई मिठाई
दीपावली के अवसर पर अग्रवाल सभा की नवगठित टीम ने सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल करते हुए शहर में अकेले रह रहे जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की पहचान की। प्रधान जगमोहन गर्ग के नेतृत्व में ऐसे बुजुर्गों के घर मिठाई और दीपावली की शुभकामनाएं भिजवाई गईं, ताकि त्योहार के इस अवसर पर वे भी अपनापन और खुशियां महसूस कर सकें। सभा की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों को सम्मान, सहयोग और सामाजिक जुड़ाव का एहसास कराना है।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा की कार्यकारिणी एवं अग्रवाल महिला समाज के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। अग्रवाल भवन दीपों की रोशनी और खुशियों से जगमगा उठा।
