पंचकुला। ( मीडिया जंक्शन-/ विक्रांत शर्मा):-श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकुला ट्रस्ट द्वारा 7 से 9 अगस्त तक सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में परमपूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग एवं आध्यात्मिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। तीनों दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के गूढ़ रहस्यों, सनातन जीवन दर्शन एवं आध्यात्मिक ज्ञान से ओत-प्रोत दिव्य प्रवचनों का लाभ प्राप्त होगा।
ट्रस्ट के संरक्षक एवं मेयर शाम लाल बंसल तथा मुख्य सदस्य जगमोहन गर्ग ने बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद महाराज अपने ओजस्वी एवं सरल प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन जीने की कला, पारिवारिक सुख-शांति तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग बताएंगे। सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा पूछे गए जीवन से जुड़े प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी महाराज जी स्वयं करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक बी प्राक एवं देश के प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की भक्ति संध्या रहेगी। दोनों कलाकार अपने भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। आयोजन में देशभर से अनेक संत-महात्मा एवं आध्यात्मिक विभूतियां भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
ट्रस्ट के मुख्य सदस्य परविंदर ढींगरा एवं धर्मपाल सिंगला ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की भव्य व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, बैठने, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महिला शक्ति की ओर से सेक्टर-2 स्थित श्री राम मंदिर से सेक्टर-5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम तक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक ध्वजों के साथ निकलने वाली यह कलश यात्रा पूरे शहर में श्रद्धा एवं भक्ति का संदेश देगी।
श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकुला ट्रस्ट ने समस्त श्रद्धालुओं से इस तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग में परिवार सहित पहुंचकर परमपूज्य स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के दिव्य सान्निध्य एवं प्रवचनों का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर ट्रस्ट से मेयर शाम लाल बंसल, जगमोहन गर्ग, परविंदर ढींगरा, धर्मपाल सिंगला, वनीत जैन, सुशील बिंदल, रिम्पी गर्ग, परवीन गर्ग, अनिल गुप्ता, सुरनेश सिंगला, साहिल गुप्ता, दिनेश गुप्ता, तेजपाल गुप्ता, कुसुम गुप्ता, संजय गर्ग, एम.पी. अरोड़ा, सुनील जैन, राजेंद्र सिंगला, साहिल गोयल, नरेश सिंगला, विकास गोयल, अशोक सिंगला, आर.के. गर्ग, विक्की जिंदल, ओ.पी. पाहवा, के.सी. शर्मा, शिव शर्मा, नरेश शर्मा तथा महिला शक्ति से रुपाली जैन, साधना अग्रवाल, अंजना अग्रवाल, सविता जैन, नीरू मदान, मंजू अग्रवाल, मिसेज नागपाल सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकुला ट्रस्ट द्वारा 7 से 9 अगस्त तक इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में होगा भव्य दिव्य गीता सत्संग
