चंडीगढ़ में सखी सहेली ग्रुप का तीज फेस्टिवल, पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने बिखेरे संस्कृति के रंग

चंडीगढ़ ( मीडिया जंक्शन/ विक्रांत शर्मा):-: सेक्टर-43 स्थित एक होटल में सखी सहेली ग्रुप की ओर से तीज फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को मीना बिष्ट, पूजा, प्रिया और नीलमा ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। तीज उत्सव में पूरी ट्राइसिटी से बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तीज के गीतों और संगीत पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा माहौल उत्सव और उल्लास के रंग में रंग गया। बच्चों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए मिस तीज, मिस ब्यूटीफुल और बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों का चयन किया गया। मिस तीज के चयन के लिए विशेष रूप से जज भी आमंत्रित किए गए थे। विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया, वहीं कार्यक्रम में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी गिफ्ट दिए गए।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर तीज की पारंपरिक संस्कृति और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देना था। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था और तीज का पर्व हंसी-खुशी, नृत्य-संगीत और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *